लालसोट। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र की श्यामपुरा कला ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं, लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्य सचिव के आगमन पर दौसा जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक सागर राणा और लालसोट विधायक रामविलास मीणा मौजूद रहे। ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों द्वारा मुख्य सचिव का माल्यार्पण और साफा बांधकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शिविर में पहुंचे लाभार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने करीब 200 किसानों से बातचीत कर ग्राम उत्थान शिविर के माध्यम से पॉली हाउस और फार्म पॉन्ड जैसी योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि इन योजनाओं से उनकी खेती में उत्पादन बढ़ा है और आय के नए स्रोत विकसित हुए हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि ग्राम उत्थान शिविर सरकार की उस सोच का हिस्सा हैं, जिसके तहत योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से आवासीय पट्टे, स्वामित्व योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।
लालसोट विधायक रामविलास मीणा ने आगामी राजस्थान बजट सत्र को लेकर क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी मांगों का एक मांग पत्र मुख्य सचिव को सौंपा। विधायक ने सड़क, पेयजल, कृषि और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों को बजट में शामिल करने की मांग की। इस पर मुख्य सचिव ने मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बताया कि प्रदेशभर में ग्राम उत्थान शिविरों की श्रृंखला चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 2989 ग्राम उत्थान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जो करीब सात से आठ दिनों तक चलेंगे। इसके पश्चात प्रदेश स्तर पर एक बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित कर शिविरों के प्रभाव और परिणामों का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि गांवों में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर असर दिखा रही हैं।
लालसोट में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन कर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने स्पष्ट किया कि राजस्थान सरकार ग्रामीण विकास और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर गंभीर है। किसानों से सीधे संवाद, योजनाओं पर फीडबैक और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी यह संकेत देती है कि आने वाले समय में ग्राम उत्थान शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.