उत्तराखंड: नेपाल सीमा से सटे इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नेपाल के बैतडी जिले में बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा गुरुवार देर रात हुआ। बस बैतडी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका-7 भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। जैसे ही बस पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर पहुंची, चढ़ाई के दौरान वह संतुलन खो बैठी और सीधे खाई में जा गिरी।
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, दुर्घटना में छह बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की मौत कोटिला अस्पताल में हुई।
हादसे में जान गंवाने वालों में 13 वर्षीय मासूम भी शामिल है। मृतकों की पहचान केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी (35), विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40), पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी के रूप में हुई है।
हादसे के बाद नेपाल एपीएफ, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी इलाका राहत कार्य में बड़ी बाधा बना रहा।
घायलों में से 25 बरातियों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और चढ़ाई के दौरान बस आगे नहीं बढ़ पाई, जिससे यह हादसा हुआ।
उत्तराखंड–नेपाल बॉर्डर के पास हुआ यह हादसा पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग की गंभीर समस्या को उजागर करता है। शादी की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं। प्रशासन की ओर से हादसे की जांच जारी है और घायलों का इलाज चल रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.