चौमूं: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर चौमूं में चाइनीज मांझे के बढ़ते खतरे को देखते हुए एमवीएस फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा “जीवन रक्षक अभियान” की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य चाइनीज मांझे के उपयोग पर रोक लगाकर मानव जीवन के साथ-साथ पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यह अभियान चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें पुलिस और सामाजिक संगठनों ने मिलकर जनहित में सक्रिय भूमिका निभाई।
अभियान के तहत शहर में सैकड़ों दुपहिया वाहनों पर विशेष जीवन रक्षक सुरक्षा तार लगाए गए। यह तार वाहन चालकों को चाइनीज मांझे से होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं से बचाने में मदद करता है।
हर साल मकर संक्रांति के दौरान पतंगबाजी के कारण चाइनीज मांझे से कई लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं, वहीं असंख्य पक्षी इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते हैं।
सिर्फ तार लगाने तक ही अभियान सीमित नहीं रहा, बल्कि शहरभर में जागरूकता अभियान भी चलाया गया। स्वयंसेवकों ने आमजन को चाइनीज मांझे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी और इसके उपयोग से बचने की अपील की।
लोगों को बताया गया कि चाइनीज मांझा न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह पर्यावरण, जीव-जंतुओं और मानव जीवन के लिए भी बेहद खतरनाक है।
एमवीएस फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष कन्हैयाल सैनी ने कहा कि हर साल चाइनीज मांझे के कारण हजारों पक्षी घायल होकर मर जाते हैं और कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर अपनी जान गंवा देते हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित रखना और समाज को इस घातक मांझे के खिलाफ जागरूक करना है।
इस पहल को चौमूं शहरवासियों और प्रशासन से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसे जन-सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया गया।
कार्यक्रम में चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा, चौमूं पुलिस टीम के सदस्य, रामकिशोर सैनी, बनवारी लाल सैनी, आदर्श स्वामी, सुनील कुमार सैनी, संजय सैनी, कमलेश सैनी, ओमप्रकाश सैनी सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।
चौमूं में शुरू किया गया ‘जीवन रक्षक अभियान’ चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है। यदि इस तरह की पहल लगातार जारी रही, तो न केवल मानव जीवन सुरक्षित रहेगा बल्कि पक्षियों और पर्यावरण की रक्षा भी संभव हो सकेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.