प्रधानमंत्री: नरेंद्र मोदी ने रविवार को बेंगलुरु में आयोजित ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें स्थापना दिवस समारोह में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर जोरदार हमला बोला। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भरोसा तोड़ने और सहयोगियों को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि DMK ने वर्षों तक कांग्रेस का साथ दिया, लेकिन जैसे ही सत्ता का समीकरण बदला, कांग्रेस ने उसकी “पीठ में छुरा घोंप दिया।”
बेंगलुरु के आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने आध्यात्मिक माहौल के बीच राजनीतिक संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 25-30 वर्षों में DMK ने हर संकट के समय कांग्रेस का साथ निभाया। यहां तक कि 2014 से पहले केंद्र में चली 10 साल की कांग्रेस सरकार भी DMK के समर्थन से ही बची रही। लेकिन कांग्रेस ने मौका मिलते ही अपने सहयोगी दल को धोखा दे दिया।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ झूठ बोलना जानती है और उसकी गारंटियां भी झूठी साबित होती हैं। उन्होंने कर्नाटक सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याएं हल करने के बजाय अंदरूनी कलह में उलझी हुई है। मुख्यमंत्री पद को लेकर ही असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
पीएम मोदी ने भाजपा और NDA की हालिया चुनावी सफलताओं को भी अपने भाषण में प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश भाजपा के राष्ट्रवाद और विकास मॉडल के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी भाजपा के पास वहां सिर्फ 3 विधायक थे, लेकिन आज पार्टी की सरकार है और 200 से ज्यादा विधायक हैं।

उन्होंने कहा कि केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भी भाजपा लगातार मजबूत हो रही है। पीएम के मुताबिक, कर्नाटक भाजपा की ऊर्जा का केंद्र रहा है और दक्षिण भारत में पार्टी का विस्तार तेजी से हो रहा है।
बेंगलुरु कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा में रही। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर दो जिलेटिन छड़ें बरामद की गईं। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा जांच अभियान के दौरान फुटपाथ किनारे ये विस्फोटक सामग्री मिली। हालांकि अब तक किसी साजिश की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में “ऑपरेशन सिंदूर” की पहली वर्षगांठ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की साहस और शक्ति की विरासत ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। इसी भावना से प्रेरित होकर देश आगे बढ़ रहा है।
बेंगलुरु कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी तेलंगाना पहुंचे, जहां उन्होंने हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। तेलंगाना दौरे के दौरान उन्होंने विकास को केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
इसके बाद प्रधानमंत्री रविवार रात गुजरात के जामनगर रवाना होंगे। अगले दिन वे सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम में शामिल होंगे और बाद में वडोदरा में ‘सरदारधाम हॉस्टल’ का उद्घाटन करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि दक्षिण भारत में भाजपा के विस्तार और विपक्षी गठबंधन पर हमला करने की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है। खासकर DMK और कांग्रेस के रिश्तों पर दिए गए बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और आने वाले समय में पार्टी दक्षिण भारत में भी नया इतिहास रचेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.