राजस्थान: के दौसा जिले में युवती के अपहरण और गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राकेश मीना को गिरफ्तार कर लिया है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी पर जयपुर जिले के कोटखावदा थाने में मारपीट और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।
इस मामले में पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले हरकेश उर्फ अखिल को मध्यप्रदेश के उज्जैन से पकड़ा गया था। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश भी तेजी से जारी है।
पुलिस के अनुसार यह पूरी घटना 25 और 26 अप्रैल की रात की है। पीड़िता अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गई हुई थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी राकेश मीना ने युवती को फोन कर घर के पीछे मिलने के लिए बुलाया।
बताया जा रहा है कि युवती जैसे ही घर के पीछे पहुंची, वहां पहले से कार में मौजूद आरोपी उसे जबरन उठाकर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि वारदात के दौरान आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में सुबह करीब 5 बजे उसके घर के पीछे छोड़कर फरार हो गए।
27 अप्रैल 2026 को पीड़िता के पिता ने पुलिस थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। शिकायत में उन्होंने पूरी घटना का जिक्र करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी सागर राणा के निर्देश पर डिप्टी एसपी दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और अलग-अलग जिलों में दबिश दी गई।
जांच के दौरान पुलिस को पहला बड़ा सुराग मध्यप्रदेश से मिला। पुलिस टीम ने 10 मई को उज्जैन से हरकेश उर्फ अखिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी राकेश मीना की लोकेशन भी ट्रेस की गई।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राकेश मीना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था ताकि गिरफ्तारी से बच सके।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राकेश मीना का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ जयपुर दक्षिण के कोटखावदा थाने में मारपीट, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं। इसके अलावा बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि शादी समारोह से युवती का अपहरण और फिर गैंगरेप जैसी घटना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
महिला संगठनों ने भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। आरोपियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और घटनास्थल के आसपास के सबूत जुटाए जा रहे हैं।
जांच टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार किसकी थी और आरोपी कितने समय से इस योजना पर काम कर रहे थे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.