राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने CET 2026 परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार परीक्षा में कई बड़े बदलाव किए गए हैं, जिनका असर राज्य के लाखों अभ्यर्थियों पर पड़ेगा। बोर्ड ने साफ किया है कि अब CET परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू होगी और परीक्षा का स्तर पहले से अधिक कठिन रखा जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज के अनुसार केवल योग्य अभ्यर्थियों को चयनित करने के उद्देश्य से यह बदलाव किए जा रहे हैं।
CET स्नातक स्तर की परीक्षा नवंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है, जबकि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जून 2026 से शुरू हो सकती है। वहीं सीनियर सेकेंडरी स्तर की परीक्षा दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है और इसके आवेदन जुलाई 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।
CET परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थी ही पटवारी, VDO, एलडीसी, पुलिस कांस्टेबल, कनिष्ठ लेखाकार, प्लाटून कमांडर और छात्रावास अधीक्षक जैसी प्रमुख भर्तियों में आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड ने CET प्रमाणपत्र की वैधता अवधि भी बढ़ाकर 3 साल कर दी है। पहले यह केवल 1 साल के लिए मान्य था। इस फैसले से 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। फरवरी 2026 में CET 2024 की वैधता समाप्त होने के बाद छात्रों में संशय की स्थिति बनी हुई थी, जिसे अब बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.