ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दीपिका नागर की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मृतका की सास पूनम को गिरफ्तार किया, जबकि मंगलवार रात चाचा ससुर विनोद को हिरासत में लिया गया था। इससे पहले पति रितिक और ससुर मनोज को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी रितिक के साथ हुई थी। मायके पक्ष ने दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता संजय नागर का कहना है कि हत्या के बाद दीपिका को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर यातना के संकेत मिले हैं और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। मामले में अभी तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस मामले पर कंगना रनौत ने भी प्रतिक्रिया देते हुए महिलाओं की सुरक्षा और समाज की मानसिकता पर सवाल उठाए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.