श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से जा टकराई। इस भीषण हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रावला थाना क्षेत्र के 4 KPD गांव निवासी गोपीराम के बेटे की शादी थी और बारात रायसिंहनगर के खिचियां गांव जा रही थी। इसी दौरान गांव के पांच युवक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर बारात में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में एक युवक कार चलाने की जिद करने लगा, जिसके बाद असली ड्राइवर को पीछे बैठा दिया गया और युवक ने खुद कार की कमान संभाल ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार सभी युवकों ने शराब का सेवन किया हुआ था। दोपहर करीब 1:30 बजे खिचियां मोड़ के पास कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े शीशम के पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में बैठे युवक सड़क किनारे जा गिरे। दुर्घटना में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रायसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। मामले की जांच जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.