प्रभारी मंत्री ने आईसीयू, ट्रॉमा सेंटर, रामाश्रय वार्ड, मेल मेडिकल वार्ड, साइकेट्री वार्ड और ओपीडी सहित कई विभागों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती एक बुजुर्ग मरीज ने समय पर डॉक्टरों के आने और दवाइयों की उपलब्धता की पुष्टि की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और कूलिंग सिस्टम का भी जायजा लिया। कुछ स्थानों पर सफाई संतोषजनक न होने पर उन्होंने अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए। ओपीडी में लंबी कतारें देखकर उन्होंने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों का इंतजार कम करने के निर्देश दिए। आईसीयू में भर्ती मरीजों के परिजनों से भी मंत्री ने बातचीत कर उपचार की गुणवत्ता और दवाइयों की उपलब्धता का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एक पुलिसकर्मी सरकारी वाहन में एसी चलाकर बैठा हुआ था, जिस पर मंत्री नाराज हुए और फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईंधन की बचत की बात करते हैं, तो जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि बाहर मरीज और उनके परिजन गर्मी से परेशान हैं और सरकारी संसाधनों का इस तरह उपयोग उचित नहीं है।
इस दौरान धोद विधायक गोरधन वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार और अस्पताल प्रशासन के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.