राजस्थान में मलेरिया उन्मूलन के लिए जून माह को ‘एंटी मलेरिया माह’ के रूप में मनाया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर जागरूकता, सर्विलांस और रोकथाम गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2030 तक देश को मलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और राजस्थान इस दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। जून माह के इस विशेष अभियान के माध्यम से आमजन को मच्छरजनित रोगों के प्रति जागरूक किया जाएगा और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
ग्राम स्तर तक रैलियां, विद्यालयों में कार्यक्रम, प्रचार अभियान और जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक बुखार पीड़ित व्यक्ति की ब्लड स्लाइड और आरडीटी जांच सुनिश्चित की जाएगी। मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने, साफ-सफाई बनाए रखने और विभिन्न विभागों के समन्वय से रोकथाम गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से जनजातीय, वन, सीमा, परियोजना क्षेत्रों तथा शहरी एवं पेरी-अरबन इलाकों में विशेष सर्विलांस अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों की बैठकों में आशा सहयोगिनी, एएनएम, सीएचओ, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में मलेरिया जांच किट, एंटी मलेरियल दवाइयों और एलएलआईएन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। छात्रावासों, आश्रमों, जेलों, कार्यालयों और सुरक्षा बल शिविरों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
16 जून से 30 जून तक ‘हैचरीज क्रियाशील पखवाड़ा’ मनाया जाएगा, जिसके तहत पानी के गड्ढों में गम्बूशिया मछलियां छोड़ी जाएंगी ताकि मच्छरों के लार्वा को नियंत्रित किया जा सके। प्रत्येक मलेरिया पॉजिटिव केस के आसपास 100 घरों में फीवर सर्वे, एंटी लार्वा गतिविधियां और IEC कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी जिलों को अभियान की दैनिक और साप्ताहिक रिपोर्ट निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.