राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने 1 जून सोमवार सुबह 5.10 बजे राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवा का तीन घंटे का डबल अलर्ट जारी किया है। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी, टोंक, सवाई माधोपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, डीग, अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ अचानक 40-60 किमी/घंटा की तेज हवाएं, धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना के कारण तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, राजसमंद, पाली, ब्यावर, जोधपुर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर और फलोदी जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाओं की संभावना के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है।
संभावित प्रभाव – ऑरेंज अलर्ट: संवेदनशील स्थान जैसे बड़े पेड़, बिजली के खंभे, कमजोर घरों, झोपड़ियों और अन्य कमजोर संरचनाओं को मामूली नुकसान होने की संभावना। दृश्यता में कमी।
सुझाव – ऑरेंज अलर्ट: मेघगर्जन के समय पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें; सुरक्षित स्थान पर रहें। वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें।
संभावित प्रभाव – येलो अलर्ट: सामान्यतः कोई विशेष प्रभाव नहीं।
सुझाव – येलो अलर्ट: मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें; सुरक्षित स्थान पर रहें।
बीते 24 घंटों में दिन के तापमान में 6 डिग्री और रात के तापमान में करीब 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में अगले चार से पांच दिन तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। बीते तीन दिन में राज्य के पूर्वी हिस्सों और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में प्री-मानसून की हल्की से मध्यम बारिश और धूलभरी आंधी देखी गई।
बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 55 मिमी बारिश शाहपुरा (कोटपूतली) में रिकॉर्ड की गई। कई स्थानों पर मेघगर्जन और धूलभरी आंधी भी चली। बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया।
रात को तापमान 8.9 डिग्री तक गिरा। अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। जयपुर में आज का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 6 बजे तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था। ठंडी हवाएं लोगों को राहत पहुंचा रही हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.