शनिवार को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा में किसानों का आंदोलन उग्र हो गया। सैंकड़ों किसान बीकानेर-हनुमानगढ़ रेलवे ट्रैक पर बैठ गए, जिससे रेल परिचालन बाधित हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगभग एक घंटे की वार्ता के बाद किसानों ने ट्रैक खाली किया और आंदोलन स्थगित कर दिया।
किसानों ने पहले सभा की और फिर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस कारण तीन ट्रेनों को बीकानेर एवं हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशनों पर रोका गया, जिन्हें किसानों के हटने के बाद रवाना किया गया।
किसान नेताओं का कहना है कि यदि 10 जून तक सरकार गेंहू की उचित खरीद नहीं करती है, तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा। किसान गेंहू की सरकारी खरीद की तारीख बढ़ाने को लेकर पिछले दो दिनों से उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना और प्रदर्शन कर रहे थे।
इस आंदोलन का उद्देश्य किसानों की मांगों को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाना और गेंहू की खरीद प्रक्रिया में सुधार सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.