राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के अजीतपुरा-कुजेटा गांव में अवैध खनन के विरोध में चल रहे धरने के दौरान सोमवार को ग्रामीणों पर कथित रूप से खनन माफियाओं ने गोलीबारी की। घटना में पांच ग्रामीण घायल हुए और कुल छह लोगों के चोटिल होने की जानकारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
ग्रामीण लंबे समय से अवैध खनन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। दो दिन पहले प्रशासन ने धरनास्थल पर लगाया गया टेंट हटा दिया था, जिसके बाद सोमवार को ग्रामीणों ने दोबारा धरना शुरू किया। इसी दौरान विवाद बढ़ा और कथित रूप से गोलीबारी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलने के बाद भगदड़ मची और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए भागे। घायल लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से कोटपूतली के राजकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जयपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। गोलीबारी के आरोपी मौके से फरार हो गए और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.