जयपुर। राजस्थान में पिछले एक हफ्ते से हो रही भारी बारिश और ओले गिरने से तापमान में गिरावट आई है। भारी बारिश और तूफ़ान ने आम ज़िंदगी प्रभावित की है, लेकिन लोगों को चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में यह राहत जारी रहेगी।
राज्य में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Western Disturbance) एक्टिव हुआ है। इसके प्रभाव से 3-4 जून को बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी, तूफान और बारिश बढ़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार को धूल भरी आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा रामगढ़ (जैसलमेर) में 15.0 मिलीमीटर और अधिकतम तापमान फलोदी में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र ने पश्चिमी और उत्तरी जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर संभाग में ऑरेंज अलर्ट, जबकि सीकर, चूरू, झुंझुनूं और राजसमंद में येलो अलर्ट है। इन क्षेत्रों में 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी भी दी गई है। इसके प्रभाव से अगले 24-48 घंटों में तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।
आंधी और बारिश के कारण आगामी एक सप्ताह में अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री से नीचे रहने और हीटवेव से राहत बने रहने का अनुमान है। 5 जून से मौसम सामान्य होने लगेगा, पश्चिमी राजस्थान पूरी तरह ‘ग्रीन जोन’ में लौट आएगा और केवल कुछ उत्तरी और मध्य जिलों में ही आंशिक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.