जयपुर। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि जयपुर राजस्थान की राजधानी और बड़ा पर्यटन केंद्र है। उन्होंने सुझाव दिया कि अगर इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन शुरू होती है, तो बिजनेसमैन, पढ़ाई करने वाले छात्र और पर्यटन को काफी सुविधा मिलेगी और इलाके के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
घनश्याम तिवाड़ी ने बताया कि गुलाबी नगरी जयपुर धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोविंद देव जी, गोपीनाथ जी और मोती डूंगरी गणेश जी के मंदिरों में दर्शन करने आते हैं। इसके अलावा, जयपुर से सीकर, बीकानेर, भीलमाता, रवासर धाम, शाकम्बरी और खाटू श्याम जी, सालासार जाने वाले यात्रियों की संख्या भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि सीकर अब शिक्षा का बड़ा केंद्र बन चुका है, जहां विभिन्न शिक्षण संस्थानों में तीन लाख से ज्यादा छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। फिलहाल जयपुर से दिल्ली, जयपुर से जोधपुर और जयपुर से देहरादून के लिए वंदे भारत ट्रेन चल रही है, लेकिन जयपुर से सीकर होते हुए बीकानेर के लिए कोई ट्रेन नहीं है।
घनश्याम तिवाड़ी ने जयपुर आने वाले कारोबारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए सुझाव दिया कि गुलाबी नगरी से सीकर होकर बीकानेर तक वंदे भारत ट्रेन चलानी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि जयपुर में अमृत स्टेशन भी विकसित हो चुका है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.