जयपुर। राजस्थान में आंधी-बारिश के दौर के बाद गर्मी का जोर फिर से बढ़ गया है। मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के अनुसार, 5 से 11 जून तक प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां सात जून तक जारी रहने की संभावना है। सात जून के बाद इनकी तीव्रता में कमी आने के आसार हैं। पहले सप्ताह में तापमान 35-40 डिग्री के आसपास सामान्य रहेगा, जबकि दूसरे सप्ताह में यह सामान्य से ऊपर, 40 डिग्री से अधिक दर्ज होने की संभावना है। पिछले सप्ताह (29 मई से 4 जून) के दौरान वर्षा औसत से अधिक हुई, पूर्वी राजस्थान में 25.1 मिमी और पश्चिमी राजस्थान में 12.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भीलवाड़ा में गुरुवार दोपहर बाद शाहपुरा, धनोप और सांगरिया सहित कई स्थानों पर बेर के आकार के ओले गिरे। जयपुर में दिनभर की गर्मी और उमस के बाद देर शाम तेज बारिश हुई। गुरुवार को 14 शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक और 11 शहरों में 40 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। सर्वाधिक तापमान श्रीगंगानगर में 44.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
सूरतगढ़ में अंधड़ और तेज बारिश के दौरान चने के आकार के ओले गिरे। पश्चिमी इलाके में तूफान ने रावला, घड़साना व श्रीबिजयनगर में भारी तबाही मचाई। घड़साना में मकान की छत गिरने से युवक कोमलसिंह की मृत्यु हो गई, जबकि उसकी पत्नी सर्वजीतकौर घायल हुईं।
अलवर जिले में दिनभर की उमसभरी गर्मी के बाद बारिश ने जनजीवन को राहत दी। मध्यम गति से बारिश और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक आंधी और बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान अलवर जिले में 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.