प्रतापगढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। पटवार हल्का नौगांवा के ग्राम देवल्दी स्थित चारागाह आराजी नम्बर 17 पर बने अवैध फार्महाउस को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। जांच में सामने आया कि यह फार्महाउस मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार आरोपी उस्मान खान द्वारा सरकारी चारागाह भूमि पर बनवाया गया था। फार्महाउस के निर्माण पर 66 लाख 83 हजार 603 रुपये खर्च किए गए थे, जबकि इसका बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ रुपये आंका गया।
इस कार्रवाई से पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी और उसके परिजनों की लगभग 2 करोड़ 78 लाख रुपये की संपत्तियों को फ्रीज किया जा चुका था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास वैध आय का कोई स्रोत नहीं था, फिर भी उसने करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित कर ली थी। 21 फरवरी 2026 को अरनोद थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 2.7 किलो ब्राउन शुगर और 1.7 किलो केमिकल बरामद हुआ। यह मादक पदार्थ उस्मान खान द्वारा सप्लाई किए गए थे।
आर्थिक जांच में पता चला कि आरोपी ने देवल्दी में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से आलीशान मकान, 1 करोड़ रुपये मूल्य का फार्महाउस, 18 लाख रुपये की स्कॉर्पियो और 30 लाख रुपये की फॉर्च्यूनर वाहन खरीदी थी। इसके अलावा उसने मारवाड़ी और काठियावाड़ी नस्ल के 5 घोड़े और 10 मुर्रा नस्ल की भैंसें भी रखी थीं, जिनकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये थी।
संपत्ति को फ्रीज करने के प्रस्ताव 9 अप्रैल 2026 को सक्षम प्राधिकरण, नई दिल्ली को भेजा गया और 13 अप्रैल 2026 को फ्रीजिंग नोटिस जारी किए गए। जांच के दौरान प्रशासन को अवैध फार्महाउस का पता चला और तहसीलदार के आदेश पर राजस्व विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने इसे बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.