जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने गुरुवार शाम 4:13 बजे राजस्थान के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी (नाउकास्ट) जारी की है। अगले तीन घंटों के दौरान चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी और टोंक जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, बिजली चमकने तथा 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है। इन क्षेत्रों में धूलभरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
जयपुर, अलवर, करौली, सवाई माधोपुर और दौसा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 4 से 7 जून के बीच पूर्वी राजस्थान में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के अनेक क्षेत्रों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। कुछ स्थानों पर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बने पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह मौसम प्रणाली सक्रिय हुई है। इसके चलते राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बारिश और आंधी के प्रभाव से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है।
8 जून के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.