डीडवाना। जिला कलक्टर अवधेश मीना ने लाडनूं क्षेत्र के ग्राम रोडू निवासी 15 वर्षीय गर्वित रेवाड़ की अनूठी इच्छा को पूरा करते हुए उसे एक दिन के लिए डीडवाना-कुचामन जिले का जिला कलक्टर बनाया। गर्वित को पूरे प्रोटोकॉल के साथ कलक्ट्रेट लाया गया और जिला कलक्टर के मुख्य कक्ष में उसे प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान गर्वित ने अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर जनता की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया और प्रतीकात्मक रूप से एक दिन का राजकीय अवकाश घोषित किया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसका उत्साहवर्धन किया।
गर्वित 24 अगस्त 2010 को जन्मा था और डीएमडी (ड्यूशेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है, जिससे उसके शरीर के अधिकांश अंग काम नहीं करते। इसके बावजूद उसने अपनी शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और हाल ही में 10वीं कक्षा में 82.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। शारीरिक रूप से लिखने में असमर्थ होने के कारण उत्तर बोलकर और सहपाठी के माध्यम से उत्तर पुस्तिका में लिखवाकर परीक्षा दी।
गर्वित का सपना आईएएस अधिकारी बनकर देश सेवा करना है। उसने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कितनी भी कठिनाइयां आएं, व्यक्ति को कभी हार नहीं माननी चाहिए। उसके माता-पिता ने बताया कि उसे एक दिन का कलक्टर बनाकर युवाओं को प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.