जयपुर। भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे राजस्थानवासियों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस बार मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है और अनुकूल समुद्री व वायुमंडलीय परिस्थितियों के तहत राजस्थान में 25 से 30 जून के बीच मानसून प्रवेश कर सकता है। मानसून बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों शाखाओं के जरिए प्रदेश में प्रवेश करेगा।
सबसे पहले दक्षिण-पूर्वी राजस्थान (कोटा, झालावाड़, बारां) में 25-26 जून के बीच पहली बारिश की संभावना है। इसके बाद मध्य-पूर्वी राजस्थान (जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक) में 26-28 जून के बीच मानसून सक्रिय होगा। जयपुर में इस अवधि में दिन के तापमान में गिरावट और बादलों की आवाजाही बढ़ेगी।
मध्य-पश्चिमी राजस्थान (जोधपुर, पाली, नागौर) में 27-29 जून के बीच मानसून की शुरुआत होगी। प्रारंभिक प्री-मानसून बारिश और धूल भरी हवाओं के बाद नियमित वर्षा देखने को मिलेगी।
पश्चिमी राजस्थान (बाड़मेर, जैसलमेर, जालौर) में मानसून 28-30 जून के बीच पहुंचेगा। थार मरुस्थल क्षेत्र होने के कारण बारिश असमान हो सकती है, लेकिन सक्रिय मानसून के बाद यहां भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस मानसून प्रवेश के साथ ही तापमान में गिरावट, बादलों की गतिविधि में बढ़ोतरी और विभिन्न जिलों में अच्छी बारिश के आसार हैं, जिससे राजस्थानवासियों को लंबे समय से जारी तपती गर्मी से राहत मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.