राजस्थान के बारां जिले के जलवाड़ा कस्बे के पास खलदा मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। मृतक की पहचान पुरुषोत्तम बंजारा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुरुषोत्तम बंजारा अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को नाहरगढ़ अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
परिजनों का कहना था कि जब तक प्रशासन की ओर से उचित मुआवजे और सहायता का आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। इस कारण अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। हालांकि देर तक समझाइश के बाद भी परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.