दौसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में चावंड रोड पर हुए ब्लाइंड मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी ममता बैरवा को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। यह मामला 27 जून का है, जब चावंड रोड पर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान रमेश बैरवा (40) निवासी खवारावजी, हाल निवासी चावंड के रूप में हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी घरेलू कलह और कथित अवैध संबंधों के चलते आरोपी पत्नी ने किशोर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। जांच के अनुसार, शराब के नशे में धुत मृतक के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या की गई।
मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। इस पूरे ऑपरेशन को एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन में एएसपी शंकर लाल और वृत्ताधिकारी धर्मेन्द्र कुमार शर्मा के सुपरविजन में सदर थाना प्रभारी मुकेश कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.