राजस्थान के करौली जिले के टोडाभीम थाना क्षेत्र में गंभीर नदी एनीकट के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 11 केवी हाईटेंशन बिजली का टूटा हुआ तार सड़क पर पड़ा था, जिसकी चपेट में आने से तीनों लोग करंट की चपेट में आ गए और उनकी मोटरसाइकिल में भी आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रामबाबू जाटव (45), चौबे जाटव (45) और विष्णु जाटव (22) के रूप में हुई है, जो हिण्डौनसिटी में मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में अचानक टूटे पड़े हाईटेंशन तार से उनकी बाइक टकरा गई और तेज करंट लगने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इस दर्दनाक घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए लापरवाही की जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुआवजे व नौकरी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों की मांग है कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए, एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिले और बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
.
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.