उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पुलिस ने एक बड़े ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का पर्दाफाश करते हुए कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह शादी का झांसा देकर लोगों को बुलाता था और जयमाल के बाद नकली पुलिस बनकर धमकाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था।
मामले की शुरुआत राजस्थान के कोटा निवासी एक परिवार की शिकायत से हुई, जो अपने रिश्तेदार के लिए रिश्ता देखने गोरखपुर आया था। हरियाणा निवासी एक बिचौलिये ने तीन लड़कियों की तस्वीरें भेजकर उन्हें गोरखपुर बुलाया, जहां शादी की रस्में करवाई गईं।
जयमाल के तुरंत बाद गिरोह का सरगना नकली पुलिस इंस्पेक्टर बनकर पहुंचा और अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। डर के माहौल में परिवार से पैसे वसूलकर पूरा गिरोह फरार हो गया।
बाद में पीड़ित परिवार ने राजस्थान में जीरो एफआईआर दर्ज कराई, जिसे जांच के लिए गोरखपुर ट्रांसफर किया गया। जांच में पूरे गिरोह का खुलासा हुआ और पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि यह गैंग लंबे समय से बाहरी राज्यों के लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी कर रहा था।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.