राजस्थान के झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक इंस्टाग्राम रील ने बालश्रम के गंभीर मामले का खुलासा कर दिया। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हॉस्टल संचालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 14 जून 2026 को सामने आई इस रील में कुछ बच्चे एक मारुति ईको गाड़ी में सवार होकर हॉस्टल के प्रचार पोस्टर लगाते नजर आए थे। बच्चों के हाथों में प्रचार सामग्री और सफाई उपकरण भी देखे गए, जिससे बालश्रम की आशंका स्पष्ट हुई।
थानाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच में बालश्रम के पुख्ता सबूत मिलने पर हॉस्टल संचालक और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ जेजे एक्ट 2015 और बालश्रम कानून के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला ‘उमंग-VII’ अभियान के तहत दर्ज किया गया है, जो बालश्रम और मानव तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के बालश्रम की जानकारी मिलने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1098 या पुलिस को सूचित करें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.