अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक करोड़ रुपये कीमत का दुर्लभ कछुआ बताकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने पीड़ित को 10 लाख रुपये का चूना लगाया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को एक हरे रंग का कछुआ दिखाकर उसे एक करोड़ रुपये की कीमत का बताया और उसे 10 से 20 लाख रुपये में बेचने का झांसा दिया। विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने पीड़ित से अलग-अलग किश्तों में 10 लाख रुपये ले लिए।
इसके बाद आरोपियों ने उसे एक स्थान पर ले जाकर फर्जी तरीके से कछुए को मृत बताया और नकली डॉक्टर से जांच कराई। जब पीड़ित ने विरोध किया तो पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति के जरिए उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य संभावित ठगी मामलों की जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.