LDC भर्ती परीक्षा में बड़ा नकल कांड! CCTV फुटेज से खुली पोल, रिलीवर समेत 5 के खिलाफ FIR

जयपुर/जैसलमेर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) की एलडीसी (लिपिक ग्रेड द्वितीय) भर्ती परीक्षा में कथित नकल प्रकरण ने बड़ा मोड़ ले लिया है। 5 जुलाई को जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर हुई परीक्षा में अनियमितता की जांच के बाद केंद्रीय अधीक्षक, दो वीक्षक, एक रिलीवर और एक अभ्यर्थी सहित कुल 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रिलीवर पदम सिंह और अभ्यर्थी मनु कंवर को डिटेन कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत

जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने परीक्षा केंद्र के CCTV फुटेज, दस्तावेजों और संबंधित कर्मचारियों के बयान खंगाले। जांच में सामने आया कि रूम नंबर-10 में तैनात रिलीवर पदम सिंह ने कथित रूप से अभ्यर्थी मनु कंवर से प्रश्नपत्र लिया और उसे करीब 6 से 7 मिनट तक अपने पास रखा। इसके बाद प्रश्नपत्र वापस अभ्यर्थी को सौंप दिया गया। जांच समिति ने इसे परीक्षा की गोपनीयता भंग करने और नकल कराने का गंभीर मामला माना।

इन पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR

जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में एफआईआर संख्या 0136/2026 दर्ज की गई। नामजद आरोपियों में केंद्रीय अधीक्षक उम्मेद सिंह, रिलीवर पदम सिंह, वीक्षक भीम सिंह, वीक्षक जालम सिंह और अभ्यर्थी मनु कंवर शामिल हैं। मामला राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 की धारा 3/10 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) के तहत दर्ज किया गया है।

फ्लाइंग स्क्वॉड पहुंचने के बाद खुला मामला

बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान शाम करीब 4 बजे रूम नंबर-10 में नकल की चर्चा शुरू हो गई थी, लेकिन आरोप है कि केंद्र अधीक्षक ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। करीब 5 बजे फ्लाइंग स्क्वॉड के पहुंचने पर अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए।

राजनीतिक मुद्दा भी बना मामला

घटना के अगले दिन सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी गरमा गया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, हरीश चौधरी, सालेह मोहम्मद और गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। एनएसयूआई और कांग्रेस ने भी जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

FSL टीम जुटा रही साक्ष्य

मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेंवतदान चारण को सौंपी गई है। पुलिस, एफएसएल (FSL) टीम और शिक्षा विभाग के अधिकारी परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य जुटा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | | | | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! | राजस्थान हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: 'आटा-साटा' प्रथा को बताया कानूनी व नैतिक रूप से दिवालिया, कहा- 'बेटी किसी सौदे की कीमत नहीं' | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! |