राजस्थान में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर मिली छूट की अवधि 10 जुलाई को समाप्त होने के साथ ही राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय (डीजीपी कार्यालय) ने 60 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) के तबादलों की नई सूची जारी की है। इससे पहले भी प्रदेश में 49 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), 925 पुलिस कॉन्स्टेबल, हनुमानगढ़ जिले के 9 उपनिरीक्षक, 41 सहायक उपनिरीक्षक (ASI), 24 हेड कॉन्स्टेबल और 31 कॉन्स्टेबल के तबादले किए जा चुके हैं। नई सूची जारी होने के बाद कई महत्वपूर्ण जिलों, अपराध अनुसंधान शाखाओं और प्रमुख पुलिस इकाइयों में जिम्मेदारियां बदल गई हैं। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में भी छह अतिरिक्त डीसीपी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया नियमित फेरबदल है। तबादलों पर छूट की अवधि समाप्त होने के बाद अब राज्य में सामान्य तबादलों पर फिर से रोक लागू हो गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.