राजस्थान के झालावाड़ जिले में नशा तस्करों के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जिले में चल रहे विशेष 'बुलडोजर एक्शन' अभियान के तहत सोमवार सुबह पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अकलेरा क्षेत्र के मानपुरा गुजरान में वन भूमि पर बने करोड़ों रुपये मूल्य के अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन का कहना है कि नशे की तस्करी से अर्जित काली कमाई से बनाई गई अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उप वन संरक्षक सागर पवार ने बताया कि तस्करों ने लंबे समय से सरकारी वन भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान और अन्य निर्माण कर रखे थे। नोटिस जारी करने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर वन विभाग ने पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर पूरे निर्माण को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मनोज सोनी, क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेंद्र मीणा, वन विभाग का अमला और अकलेरा थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि कार्रवाई महुआखोह निवासी कालूलाल पुत्र चंदाल तंवर और गिरिराज पुत्र रामचंद्र तंवर के खिलाफ की गई। दोनों पर मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले दर्ज हैं और इन्होंने वन भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बना रखे थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कालूलाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ हुई कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए थे। वहीं गिरिराज के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। वर्ष 2017 और 2019 में हुई कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए थे।
एसपी अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य नशे के कारोबार की आर्थिक कमर तोड़ना और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.