अशोक नगर थाना प्रभारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि धमकी मिलने के बाद पूरे हाईकोर्ट परिसर की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान एम्बुलेंस और दमकल विभाग की टीमें भी एहतियात के तौर पर मौके पर तैनात रहीं। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। तलाशी पूरी होने के बाद सुरक्षा मंजूरी मिलने पर निर्धारित समय पर कोर्ट की कार्यवाही शुरू कर दी गई।
राजस्थान हाईकोर्ट इससे पहले भी कई बार बम की धमकियों का सामना कर चुका है। इसके अलावा राजस्थान विधानसभा, स्कूल, अस्पताल, एसएमएस स्टेडियम, पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को भी पूर्व में धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हालांकि अब तक किसी भी मामले में विस्फोटक नहीं मिला है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं।
हाईकोर्ट के सुरक्षा प्रभारी एसआई ताराचंद ने बताया कि धमकीभरे ईमेल की जांच साइबर विशेषज्ञों को सौंपी जाएगी। इस संबंध में अशोक नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ईमेल भेजने वाले ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन (VPN) का इस्तेमाल किया है। पुलिस अब ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.