राजस्थान की राजधानी जयपुर इन दिनों ग्लैमर, फैशन और टैलेंट का केंद्र बना हुआ है। यहां आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के गाला राउंड में देशभर से चुनी गई 52 प्रतिभागियों ने शानदार रैंप वॉक और आत्मविश्वास से भरे प्रदर्शन के जरिए सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
गाला राउंड इस प्रतियोगिता का बेहद अहम चरण माना जाता है। इस दौर में किसी भी प्रतिभागी को बाहर नहीं किया जाता, लेकिन जज उनके कॉन्फिडेंस, कम्युनिकेशन स्किल, पर्सनैलिटी, स्टेज प्रेजेंस और फैशन सेंस के आधार पर अंक देते हैं। यही अंक आगे होने वाले राउंड और फाइनल विजेता के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रतियोगिता के आयोजकों के अनुसार, इस मंच का उद्देश्य केवल सुंदरता का चयन करना नहीं, बल्कि ऐसी युवा प्रतिभा को सामने लाना है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सके। इसी मंच ने पहले भी भारत को कई अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी क्वीन दी हैं।
कार्यक्रम के दौरान मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मनिका विश्वकर्मा ने युवाओं की आवाज़ और संवाद की आवश्यकता पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि युवाओं का उद्देश्य समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान तलाशना है और सरकार के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखना चाहिए।
अब सभी की निगाहें 23 अगस्त पर टिकी हैं, जब जयपुर में ही होने वाले ग्रैंड फिनाले में देश को अपनी नई मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 मिलेगी, जो अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.