जयपुर। राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में मामूली विवाद ने एक मजदूर की जान ले ली। गुर्जर की थड़ी स्थित शांति नगर में अंडे गिरने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने डंडों से हमला कर दिया, जिसमें मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी मजदूर बलवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना में बलवीर के दो अन्य साथी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। मृतक का परिवार लंबे समय से जयपुर में रहकर मजदूरी कर रहा था। घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर मानसरोवर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों, सभी आरोपियों की भूमिका तथा अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। इस वारदात ने एक बार फिर मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.