भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चिकसाना थाना क्षेत्र में PWD द्वारा बझेरा-अछनेरा रोड पर चल रही खुदाई के दौरान JCB मशीन से जमीन के नीचे बिछी हाई-प्रेशर स्टील गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक होने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
सूचना पर गैस कंपनी की आपातकालीन टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। पाइपलाइन को तत्काल बंद कर रिसाव पर नियंत्रण पाया गया, जबकि क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई।
इस घटना का असर गैस आपूर्ति पर भी पड़ा। भरतपुर और फतेहपुर सीकरी के करीब 22 CNG स्टेशनों की सप्लाई बंद करनी पड़ी, जिसका प्रभाव सवाई माधोपुर, करौली, टोंक और दौसा तक देखने को मिला। कई वाहन चालकों को CNG के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। गैस कंपनी के अनुसार, मरम्मत पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से CNG और PNG की आपूर्ति बहाल की जाएगी। फिलहाल राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.