जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 1 और 2 अगस्त को उदयपुर एवं राजसमंद जिले के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत विकास परियोजनाओं से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
1 अगस्त को मुख्यमंत्री उदयपुर के दूध तलाई (पिछोला) में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे चंदनवन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। वहीं झाड़ोल क्षेत्र के बीड़ा गांव में आयोजित 10वीं ग्राम विकास चैपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा करेंगे।
2 अगस्त को मुख्यमंत्री उदयपुर स्थित राजस्थान कृषि महाविद्यालय में नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के शुभारंभ कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री राजसमंद में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क, नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
दौरे के अंत में मुख्यमंत्री उदयपुर संभाग और सिरोही जिले के जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.