उदयपुर/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र के ग्राम बीड़ा में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में ग्रामीणों और राजीविका से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास चौपाल केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि गांवों के समग्र विकास की नई सोच और नई दिशा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तीकरण को नई ऊंचाई देने के लिए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, शौचालय निर्माण और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी ऐतिहासिक पहल की हैं। वहीं राज्य सरकार भी बालिकाओं को साइकिल, स्कूटी, यूनिफॉर्म तथा महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देकर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत महिलाओं को प्रति लीटर दूध पर 5 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। बुजुर्ग महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन और गर्भवती महिलाओं को मा वाउचर योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक दोनों स्तरों पर मजबूत बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीविका आज प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में बदलाव का माध्यम बन चुकी है। प्रशिक्षण, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों और आसान ऋण सुविधाओं के जरिए महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव में महिलाओं को रोजगार और सम्मान दोनों उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजीविका से जुड़ी महिलाओं से सीधा संवाद भी किया। गायत्री सुथार ने बताया कि राजीविका से जुड़ने के बाद वह लखपति दीदी बनीं और आज गांव में 35 स्वयं सहायता समूहों का संचालन कर रही हैं। मीरा देवी ने बताया कि 40 हजार रुपये का ऋण लेकर उन्होंने बकरी पालन शुरू किया, जिससे उनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये तक पहुंच गई। वहीं रेखा मेघवाल ने बताया कि विभिन्न प्रशिक्षणों और स्वरोजगार के जरिए उनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये हो गई है। भानु कुमारी ने भी बताया कि बैंक सखी बनने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का भी लाभ मिला।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक वालर नृत्य और बच्चों ने गैर नृत्य प्रस्तुत कर भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों और बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुति की सराहना की।
इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सांसद मन्नालाल रावत, विधायक प्रताप लाल भील, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.