राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक महिला ने अपने पति आशिक इकबाल के खिलाफ तीन तलाक का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसका पति कुवैत में रहते हुए व्हाट्सएप के माध्यम से तीन तलाक का प्रथम नोटिस भेजकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी दो महिलाओं को तीन तलाक दे चुका है। पीड़िता ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से अपने दो बेटों के साथ किराए पर अलग रह रही है। उसका एक बेटा 15 साल का और दूसरा 9 साल का है। महिला ने आरोप लगाया कि पति उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था और कई बार मारपीट भी की।
महिला ने सास और ननद के इशारे पर भी मारपीट होने की बात कही। पुलिस ने आरोपी से फोन पर काउंसलिंग की है और उसे बांसवाड़ा बुलाने के लिए नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। आरोपी फिलहाल कुवैत में रहने के कारण कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे जांच में शामिल होने के लिए सूचित किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.