राजस्थान भाजपा को करीब ढाई साल बाद नया प्रदेश संगठन महामंत्री मिला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने अजेय कुमार को यह पद सौंपा है। नियुक्ति के बाद पहली बार शनिवार को जयपुर प्रवास पर आए अजेय कुमार ने मोतीडूंगरी गणेशजी के दर्शन के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक ली। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अजेय कुमार ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई नैरेटिव नहीं बनना चाहिए, जिससे सरकार या संगठन की छवि प्रभावित हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सरकार के खिलाफ सार्वजनिक टिप्पणियों से बचने और संगठन व सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की सलाह दी।
उन्होंने स्वागत के दौरान माला, मिठाई या उपहार न लाने, बैनर-पोस्टर पर तस्वीर न लगाने, रैली या कारों का काफिला न निकालने और दिखावे की बजाय संगठनात्मक कार्यों पर ध्यान देने का निर्देश दिया। अजेय कुमार ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए बताया कि उनकी भूमिका संगठन और सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने की है।
विशेष रूप से उन्होंने जिला अध्यक्षों को कार्यालयों तक सीमित न रहने और फील्ड में सक्रिय होकर पंचायत और निकाय चुनावों की तैयारियों पर ध्यान देने को कहा। अजेय कुमार के उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में अनुभव को राजस्थान भाजपा के आगामी चुनावी अभियानों और संगठनात्मक कार्यों में उपयोगी माना जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.