जयपुर। राजस्थान पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने जोधपुर रेंज के पुलिस अधिकारियों को अपराध और तस्करी के खिलाफ और अधिक सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि संगठित अपराधियों, ड्रग माफिया और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को भी जब्त किया जाए। इसके साथ ही, अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
शनिवार को जोधपुर रेंज कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा एवं सुरक्षा बैठक में रेंज के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह सहित सभी जिला पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
डीजीपी ने नशा तस्करों के सम्पत्तियों को जब्त करने, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में डीजीपी शर्मा ने नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि राजस्थान पुलिस का उद्देश्य “आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय” को और मजबूत करना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.