राजस्थान सरकार ने शैक्षिक पंचांग 2026-27 में एक बड़ा संशोधन करते हुए सरकारी स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियों को बढ़ा दिया है। पहले जहां बच्चों और शिक्षकों को केवल 35 दिनों की छुट्टियां मिल रही थीं, अब इसे बढ़ाकर 43 दिन कर दिया गया है। शिक्षा विभाग के अनुसार अब ग्रीष्मावकाश 17 मई से 28 जून तक रहेगा।
पहले जारी टाइम टेबल के अनुसार छुट्टियां 17 मई से 20 जून तक ही थी। इस नए आदेश के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को 8 दिनों की अतिरिक्त छुट्टियां मिलेंगी। इस फैसले से बच्चों के चेहरे खिल गए हैं और उन्हें गर्मी में घर पर आराम और मौज-मस्ती करने का अधिक समय मिलेगा।
छुट्टियों को बढ़ाने का निर्णय शिक्षक संगठनों के विरोध और आंदोलन के बाद लिया गया। 'अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान' सहित अन्य शिक्षक संगठनों ने पहले गर्मियों की छुट्टियों में कटौती और प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश को समाप्त करने का विरोध किया था। शिक्षा मंत्री ने इस मुद्दे पर शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर उनकी मांगों को जायज मानते हुए ग्रीष्मावकाश बढ़ाने का निर्णय लिया।
सरकार के इस कदम से शिक्षक संगठनों में खुशी है और उन्होंने इसे अपनी बड़ी जीत बताया। अब 29 जून से स्कूल दोबारा पूरी रौनक के साथ खुलेंगे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.