गोरी धाम में फोटोशूट के दौरान युवक गहरे कुंड में डूबा, मौत

राजसमंद। दिवेर थाना क्षेत्र की बागाना ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोरी धाम में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। चित्तौड़गढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र के सुरजना चौकी निवासी 20 वर्षीय अर्जुन दमामी अपनी मंगेतर और मंगेतर के अंकल के साथ गोरी धाम घूमने आए थे। गोरी धाम पहुंचने के बाद मंगेतर के अंकल मंदिर परिसर में रुक गए, जबकि अर्जुन और उसकी मंगेतर नीचे फोटोशूट करने गए।

नीचे पानी के नजदीक जाने के दौरान अर्जुन का पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुंड में समा गया। मंगेतर की मदद की पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन पहले दिन पानी की गहराई और अंधेरे के कारण बचाव संभव नहीं हो सका।

घटना की सूचना मिलने पर दिवेर थानाधिकारी दौलत सिंह, हेड कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल रंगलाल और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए नागरिक सुरक्षा टीम (सिविल डिफेंस) राजसमंद को भी बुलाया। मंगलवार देर शाम तक पानी में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

बुधवार सुबह उदयपुर से राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की विशेष टीम बुलाकर सिविल डिफेंस, दिवेर पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से शव को गहरे कुंड से बाहर निकाला गया। शव को खाईनुमा हिस्से से लेकर लगभग 100 फीट ऊंची और खड़ी पहाड़ी के ऊपर तक सुरक्षित लाना चुनौतीपूर्ण था। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर भारी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित पहाड़ी पर पहुँचाया।

थानाधिकारी दौलत सिंह की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। अर्जुन और उसकी मंगेतर की एक महीने पूर्व ही सगाई हुई थी और इस साल दिसंबर में शादी होने वाली थी। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार और ग्रामीणों को शोक में डुबो दिया।

यह घटना गोरी धाम जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर सुरक्षा के महत्व को भी उजागर करती है और स्थानीय प्रशासन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता को सामने लाती है।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
गजराज राव बोले- ‘बधाई हो’ मेरे लिए ‘शोले’ जैसी, इस फिल्म ने बदल दी जिंदगी; जयपुर की कचौरी-मिठाइयों के भी मुरीद | सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तानी जासूसी के आरोपी झबरा राम की जमानत रद्द की, दो सप्ताह में सरेंडर करने का आदेश | राजस्थान पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 65.15% मतदान, 2019 के मुकाबले 1.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी | चक्रवात ‘अर्नब’ का कहर: आंध्र प्रदेश-ओडिशा में 5 मौतें, राजस्थान समेत 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट | आज का पंचांग 29 अक्टूबर 2026: आज करवा चौथ पर दिल्ली में रात 8:17 बजे निकलेगा चांद, जयपुर-मुंबई समेत जानें चंद्रोदय का समय | राजस्थान में 1,150 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी, जयपुर को मिलेंगी सबसे ज्यादा 550 बसें | जयपुर फैमिली कोर्ट का फैसला: करवा चौथ पर दूसरे पुरुष के लिए व्रत रखने और दांपत्य संबंधों में दूरी को माना मानसिक क्रूरता, 13 साल पुरानी शादी खत्म | मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में बीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प | SMS अस्पताल में मरीज रेफर करने के लिए लागू होगी नई SOP, बिना सूचना भेजने पर होगी कार्रवाई | CM भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी पहुंचे, बाबा श्याम के करेंगे दर्शन; ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हुए शामिल |