जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है और अब इसकी अंतिम सुरक्षा मंजूरी के लिए नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) की टीम बुधवार से निरीक्षण करेगी। टीम दो दिनों तक सुरक्षा, संचालन व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा और स्टाफ अलर्टनेस का मूल्यांकन करेगी, जिसके बाद रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी जाएगी। अगले सप्ताह इस रिपोर्ट पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बीसीएएस की हरी झंडी मिलने के बाद इस नए टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पचपदरा रिफाइनरी के साथ किए जाने की संभावना है। प्रस्तावित योजना के अनुसार पीएम मोदी जोधपुर एयरपोर्ट पर उतरकर नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद हेलीकॉप्टर से पचपदरा जाएंगे, जहां वे आम सभा को संबोधित कर सकते हैं। हालांकि जोधपुर में बड़ी जनसभा की संभावना फिलहाल नहीं है।
यह नया टर्मिनल लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से तीन साल में तैयार किया गया है। इसे पुराने टर्मिनल के पास ही बनाया गया है और यह पूरी तरह जीएफआरसी (Glass Fibre Reinforced Concrete) और माइल्ड स्टील आधारित मॉड्यूलर स्ट्रक्चर पर विकसित किया गया है। इसमें पारंपरिक जोधपुरी पत्थर का उपयोग नहीं किया गया है, जिससे इसका लुक आधुनिक और फंक्शनल है।
नए टर्मिनल में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिनमें 8 बोर्डिंग गेट, 6 एयरोब्रिज, 20 चेक-इन काउंटर, 3 बैगेज बेल्ट और 12 विमान पार्किंग स्टैंड शामिल हैं। इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 12 लाख से बढ़कर 25 लाख हो जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 250 CISF जवान तैनात रहेंगे।
वर्तमान में जोधपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरू, अहमदाबाद, पुणे और हैदराबाद के लिए लगभग 10 फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं। इंडिगो ने समर शेड्यूल में जोधपुर-जयपुर फ्लाइट को बंद कर दिया है, जबकि अहमदाबाद-जोधपुर रूट को नोएडा तक बढ़ा दिया गया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.