अजमेर में NEET पेपर के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, छात्रा से 30 हजार रुपये की मांग

अजमेर में मेडिकल कोर्स में प्रवेश की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) से एक दिन पहले साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक जालसाज ने छात्रा को कॉल कर खुद को NEET प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने वाला बताकर उसे वीडियो कॉल के जरिए कथित पेपर दिखाया और इसके बदले 30 हजार रुपये की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर छात्रसंघ अध्यक्ष ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।

डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्णा सिंह ठाकुर के अनुसार, कॉलेज की प्रथम वर्ष की एक छात्रा के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें आरोपी ने दावा किया कि उसके पास परीक्षा का पेपर है और वह परीक्षा से पहले उपलब्ध करा सकता है। जब छात्रा ने सबूत मांगा तो आरोपी ने वीडियो कॉल पर कथित प्रश्न पत्र दिखाया, जिससे मामला संदिग्ध लगने पर छात्रा ने तुरंत छात्रसंघ अध्यक्ष को जानकारी दी।

इसके बाद छात्रसंघ अध्यक्ष ने स्वयं आरोपी से संपर्क किया, जहां आरोपी ने पेपर देने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की और भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजा। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए केवल वीडियो कॉल पर ही बातचीत कर रहा था। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह पेपर फर्जी प्रतीत हो रहा है।

छात्रसंघ अध्यक्ष ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ को मामले की जानकारी देते हुए सभी साक्ष्य सौंपे हैं। पुलिस की साइबर सेल मोबाइल नंबर, क्यूआर कोड और वीडियो कॉल की पूरी सत्यता की जांच कर रही है। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के पेपर लीक या प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने के दावों पर विश्वास न करें और ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | | | | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! | राजस्थान हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: 'आटा-साटा' प्रथा को बताया कानूनी व नैतिक रूप से दिवालिया, कहा- 'बेटी किसी सौदे की कीमत नहीं' | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! |