इसके साथ ही राजस्थान में 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत की जा रही है, जो करीब एक महीने तक चलेगा। अभियान के तहत सरकार के विभिन्न विभाग सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन कार्यक्रमों में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी शामिल किया जाएगा।
जयपुर में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार शाम अल्बर्ट हॉल पर 50 हजार दीये एक साथ जलाए जाएंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां की गई हैं।
वहीं मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ शाम 6 बजे झाड़खंड महादेव मंदिर पहुंचकर दीया जलाएंगे और पूजा-अर्चना करेंगे।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में जयपुर स्थित हजरत मौलाना जियाउद्दीन साहब की दरगाह शरीफ के बाहर भी 'आशीर्वाद का दीया' जलाया जाएगा।
'सेवा संकल्प अभियान' के तहत सरकारी विभाग अपनी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों के बाहर उनके साथ मिलकर दीया जलाएंगे। अभियान में विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के प्रत्येक जिले में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की कहानियों और योजनाओं के प्रभाव से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे।
सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर अपलोड करना भी अनिवार्य किया गया है।
'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 17 सितंबर से अलग-अलग चरणों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कूलों में चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं, सेवा शिविर, स्वच्छता अभियान, रंगोली प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों का आमजन से संवाद और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए शिविर शामिल हैं।
17 सितंबर शाम 7 बजे – आशीर्वाद का दीया
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, शिक्षा, खेल, युवा मामले, यूडीएच सहित अन्य विभागों से जुड़े लाभार्थियों के घरों के बाहर दीया जलाया जाएगा।
17 सितंबर – रक्तदान शिविर
चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर – 'मेरे सपनों का भारत-चित्रसेवा'
सरकारी और निजी स्कूलों में 'मेरे सपनों का भारत' और 'विकसित राजस्थान' विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
18 सितंबर से 25 सितंबर – ग्रामीण क्षेत्र में 'नमो सेवा अनकही कहानियां'
गांवों में सेवा और जनकल्याण से जुड़ी प्रेरणादायी गतिविधियों का प्रसारण किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में यह गतिविधियां 22 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित की जाएंगी।
25 से 27 सितंबर – 'आंगन मिलन सेवा'
आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर – 'सेवा की कहानी'
सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों और व्यक्तियों के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाएंगे।
2 अक्टूबर – स्वच्छता कार्यक्रम
जनभागीदारी के साथ विभिन्न विभागों की ओर से स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
7 अक्टूबर – 'सेवा ज्योति कलश यात्रा'
स्कूली विद्यार्थियों की ओर से भारत संकल्प से जुड़े पोस्टर और स्लोगन के साथ रैली निकाली जाएगी।
19 से 25 सितंबर – ग्रामीण क्षेत्र में 'सेवा सेतू अभियान'
पंचायत समिति मुख्यालयों पर शिविर लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों का पंजीयन किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में यह अभियान 8 से 16 अक्टूबर के बीच आयोजित होगा।
24 सितंबर और 11 अक्टूबर – 'सेवा के रंग राष्ट्र के संग'
प्रत्येक जिले में सरकारी योजनाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित रंगोलियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
1 से 15 अक्टूबर – 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज'
शिक्षा से जुड़ी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं की भागीदारी और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
'सुशासन सेवा संवाद'
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनप्रतिनिधियों की ओर से आमजन के साथ संवाद किया जाएगा।
अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें, वीडियो और रील्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को 'सेवा की कहानी' के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों और व्यक्तियों के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की जिम्मेदारी दी गई है।
इस अभियान के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने की योजना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.