राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन के जरिए आमजन की शिकायतों के समाधान की व्यवस्था को अब वीडियो संवाद से भी जोड़ा गया है। मुख्य सचिव के निरीक्षण के दौरान इस नई व्यवस्था की जमीनी स्थिति और शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता को परखा गया।
निरीक्षण के दौरान वी. श्रीनिवास ने वीडियो कॉल के माध्यम से 15 परिवादियों से बातचीत की। उन्होंने प्रत्येक परिवादी से उसकी समस्या, संबंधित विभाग द्वारा की गई कार्रवाई और शिकायत के समाधान की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने यह भी जानने का प्रयास किया कि विभाग की ओर से शिकायत का समाधान किए जाने के बाद परिवादी वास्तव में उससे संतुष्ट है या नहीं। इस दौरान अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति और फीडबैक की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान एसीएस दिनेश कुमार, आईटी आयुक्त हिमांशु गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 181 प्रभारी जी.के. शर्मा ने मुख्य सचिव को कॉल सेंटर की व्यवस्थाओं और शिकायतों के निस्तारण की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने कॉल सेंटर में उपलब्ध व्यवस्थाओं, शिकायतों की मॉनिटरिंग और परिवादियों से सीधे संवाद की प्रक्रिया को भी देखा।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि वीडियो कॉल के माध्यम से अधिकारी और परिवादी के बीच सीधे संवाद की व्यवस्था शुरू की गई है। उनके मुताबिक इस व्यवस्था के जरिए प्रशासन को शिकायत की वास्तविक स्थिति और परिवादी की समस्या को सीधे समझने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान संपर्क 181 को ‘नेक्स्ट जनरेशन’ जनसंपर्क व्यवस्था के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिकायतों के केवल निस्तारण की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि समाधान की गुणवत्ता और परिवादी की संतुष्टि को भी महत्व देना है।
वी. श्रीनिवास के अनुसार वीडियो संवाद की व्यवस्था से यह जानना भी आसान हो रहा है कि शिकायत किस क्षेत्र या गांव से आई है और परिवादी की वास्तविक समस्या क्या है। इससे संबंधित अधिकारियों तक समस्या की जानकारी सीधे पहुंचाने और समाधान की स्थिति का फीडबैक लेने में मदद मिल रही है।
राजस्थान संपर्क 181 के जरिए सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने की दिशा में यह व्यवस्था एक तकनीकी बदलाव के तौर पर सामने आई है। राज्य सरकार के अनुसार इसका फोकस शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण पर है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.