मानसून की विदाई के बीच राजस्थान में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। सोमवार को प्रदेश में अधिकांश जगह मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली रही। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला। कई जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को राजस्थान में कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है। अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं, अगले 2-3 दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी की संभावना जताई गई है। इस बार प्रदेश में मानसून सामान्य की तुलना में कमजोर रहा है और अब तक करीब 21 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है।
सोमवार को राजस्थान में सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर में रही। यहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह लगातार दूसरा दिन रहा, जब जैसलमेर में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा।
वहीं बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी राजस्थान के अन्य इलाकों में भी तेज गर्मी और उमस का असर देखने को मिला।
मानसून की विदाई के दूसरे चरण में राजस्थान के अलावा पंजाब के अधिकांश हिस्सों और हरियाणा के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी हुई है।
राजस्थान में पूरे बीकानेर संभाग, संपूर्ण झुंझुनूं जिले तथा सीकर और नागौर के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अन्य कुछ हिस्सों से भी मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
जयपुर में सोमवार को दिनभर आसमान साफ रहा और सुबह से शाम तक धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 3-4 दिन मौसम साफ रहने की संभावना है।
उदयपुर में सोमवार को तेज धूप के साथ हल्की उमस और गर्मी रही। अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
कोटा में दिनभर हल्की धूप रही। अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को कोटा संभाग के लिए बारिश का येलो अलर्ट था, लेकिन शाम तक शहर में बारिश नहीं हुई।
सीकर में सुबह तेज धूप रही, जबकि शाम को हल्के बादल छाए और उमस बढ़ गई। जिले से मानसून की औपचारिक विदाई हो चुकी है। अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अजमेर में सोमवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अलवर में सुबह मौसम सामान्य रहा। दिन में धूप और बादलों की आवाजाही के बीच अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री रहा। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है। 22 सितंबर को तापमान करीब 38 डिग्री और 25-26 सितंबर को 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
जोधपुर में सोमवार को गर्मी बढ़ी। अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज हुआ। आगामी दिनों में बारिश की संभावना कम है।
राजस्थान में मानसून की वापसी के साथ अब प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में इसका असर पहले से दिखाई देने लगा है। फिलहाल बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है और मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.