राज्य में 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों के चुनाव कराए जाएंगे। जिला परिषदों के 1,403 वार्ड और पंचायत समितियों के 8,245 वार्डों में चुनाव होंगे। चुनाव प्रक्रिया में करीब 3 लाख 17 हजार कर्मचारी और 2 लाख 72 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव चार चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए 8 अक्टूबर को लोकसूचना जारी होगी, 13 अक्टूबर तक नामांकन, 14 अक्टूबर को जांच और 15 अक्टूबर तक नाम वापसी होगी। पहले चरण का मतदान 23 अक्टूबर को होगा। दूसरे चरण का मतदान 29 अक्टूबर, तीसरे चरण का 4 नवंबर और चौथे चरण का 11 नवंबर को प्रस्तावित है।
वहीं पंच-सरपंच चुनावों के लिए भी चरणबद्ध कार्यक्रम जारी किया गया है। आयोग के अनुसार ईवीएम की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण पंच-सरपंच चुनाव ईवीएम से नहीं कराए जाएंगे। मतदान के लिए 11 वैकल्पिक दस्तावेज मान्य होंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य समय पर और निष्पक्ष चुनाव कराना है। हाईकोर्ट के निर्देशों की पालना के तहत चुनाव कार्यक्रम तय किया गया है। जयपुर जिले में चुनाव चार चरणों में होंगे, जबकि चार जिलों में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव दिसंबर के बाद कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया 28 नवंबर तक पूरी होने की बात कही गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.