जयपुर, 15 अक्टूबर। जयपुर में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संभागीय रोजगार कार्यालय की ओर से सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट शिविर एवं करियर सेमिनार का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 500 बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान 366 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर नियोजन किया गया, जबकि 28 युवाओं का प्रशिक्षण के लिए चयन हुआ।
करियर सेमिनार में रोजगार कार्यालय की संयुक्त निदेशक नवरेखा ने विद्यार्थियों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को अपने कौशल को विकसित करने तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं, रोजगार की संभावनाओं और कौशल प्रशिक्षण के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अनाम कुमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और विभिन्न क्षेत्रों में इसकी व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विदेशों में रोजगार की संभावनाओं, आवश्यक कौशल और वैश्विक स्तर पर करियर बनाने के अवसरों के बारे में भी बताया। साथ ही युवाओं को नई तकनीकों को अपनाने और अपने कौशल को समय के अनुरूप विकसित करने की सलाह दी।
शिविर में निजी क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों से जुड़े 25 नियोजकों ने भाग लिया। नियोजकों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और कौशल के आधार पर प्रारंभिक चयन प्रक्रिया पूरी की। इसके साथ ही युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और भविष्य में करियर निर्माण की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
आयोजकों के अनुसार, शिविर में कुल 394 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। इनमें से 366 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों पर रोजगार के लिए चयनित किया गया, जबकि 28 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए चुना गया।
कार्यक्रम में सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. डॉ. उपेन्द्र पण्डेल, उपाध्यक्ष प्रो. डॉ. रितू गिलहोत्रा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सतवीर सिंह, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट हेड जसबीर चावला और आरएसएलडीसी के जिला कौशल समन्वयक राघवेन्द्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
रोजगार विभाग की ओर से सहायक निदेशक सुमन कुम्पावत, कनिष्ठ रोजगार अधिकारी चन्द्रप्रकाश मीणा, राजेश कुमार, निर्मला शर्मा, रजनी गोयल और ज्योति कुमारी शर्मा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इस शिविर के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने, कौशल विकास के प्रति जागरूक करने और निजी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.