परिजनों के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा रविवार शाम 4:30 बजे सुभाष चौक क्षेत्र के पानों का दरीबा स्थित हवेली से रवाना होगी। अंतिम संस्कार जलमहल के सामने स्थित समाज बाड़ी में किया जाएगा। यह स्थल गोविंददेवजी के गोस्वामी परिवार के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित है।
महंत अंजन कुमार गोस्वामी स्वर्गीय प्रद्युम्न कुमार गोस्वामी के बड़े पुत्र थे। पिता के निधन के बाद उन्होंने मंदिर की सेवा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। वे मंदिर के महंत होने के साथ इसके सेवाधिकारी और ट्रस्टी भी थे। उनके पुत्र मानस कुमार गोस्वामी भी शिक्षा पूरी करने के बाद मंदिर की सेवा से जुड़ गए।
महंत अंजन कुमार गोस्वामी गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय की परंपरा से जुड़े थे। गोविंददेवजी मंदिर की धार्मिक परंपरा चैतन्य महाप्रभु के प्रमुख शिष्य रूप गोस्वामी से जुड़ी मानी जाती है। मान्यता के अनुसार, रूप गोस्वामी ने वृंदावन में भगवान गोविंददेवजी के विग्रह की खोज की थी। बाद में मुगल शासन के दौरान विग्रह को वृंदावन से आमेर लाया गया और जयपुर की स्थापना के बाद जय निवास उद्यान में स्थापित किया गया।
गोविंददेवजी मंदिर का राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग में 20 सितंबर 1972 को पब्लिक ट्रस्ट के रूप में पंजीकरण हुआ था। मंदिर की व्यवस्था स्वतंत्र रूप से संचालित होती है।
महंत अंजन कुमार गोस्वामी के निधन से मंदिर की धार्मिक परंपरा और गोस्वामी परिवार से जुड़े श्रद्धालुओं में शोक का माहौल है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.