जयपुर के आमेर में नशे में कार चला रहे ड्राइवर ने दो युवकों को कुचला, दोनों की मौत; तीन घायल

जयपुर। राजधानी जयपुर के आमेर इलाके में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। आरोप है कि नशे में कार चला रहे ड्राइवर ने पहले स्कूटी और फिर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार साहिल (25) और बाइक सवार शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) की जान चली गई। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार से बीयर के कैन भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

पहले स्कूटी को मारी टक्कर, फिर बाइक को लिया चपेट में

जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। आमेर महल से जलमहल की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने मावठा सेल्फी पॉइंट के पास स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर साहिल, तरुण और सोनू सवार थे। इसके बाद कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और करीब 50 मीटर आगे मजार के पास बाइक को टक्कर मार दी।

बाइक पर शोएबुद्दीन अपने दोस्त कलीम के साथ सवार था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और बाइक दोनों खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कार सवार दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान साहिल ने तोड़ा दम

आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने शोएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल साहिल की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे में घायल अन्य युवकों का उपचार जारी है।

सात दिन बाद थी साहिल की बहन की शादी

इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। साहिल के भाई इरशाद के मुताबिक, परिवार में उसकी बहन जेबा की शादी 12 नवंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। साहिल की आमेर में मेडिकल शॉप थी और परिवार बहन की शादी के बाद उसकी शादी की तैयारी करने वाला था। लेकिन हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया।

चार महीने पहले पिता बना था शोएब

दूसरे मृतक शोएबुद्दीन उर्फ शोएब के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शोएब चार महीने पहले ही बेटे का पिता बना था। परिवार इसी महीने बेटे मोहम्मद हुसैन के जन्म की खुशी में समारोह आयोजित करने की तैयारी कर रहा था। बताया गया कि हादसे के समय शोएब अपने दोस्त कलीम के साथ दावत से घर लौट रहा था।

दो युवक हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस के अनुसार, कार चालक अयान (25), निवासी भीलवाड़ा और वर्तमान में सांगानेर में रहने वाला, तथा उसके साथी सागर सोलंकी (25) को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार से बीयर के कैन बरामद हुए हैं। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क पर नशे में वाहन चलाने के गंभीर खतरे को उजागर करता है। लापरवाही से की गई ड्राइविंग न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
जयपुर में ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टेबाजी का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; करोड़ों के लेनदेन का पता चला | राजस्थान में बढ़ने लगी सर्दी, सीकर-फतेहपुर में 12.5 डिग्री पहुंचा पारा; जयपुर में भी रातें ठंडी | राजस्थान में दिवाली पर सिर्फ 3 घंटे चला सकेंगे पटाखे, 7 और 8 नवंबर को मिलेगी छूट; सरकार ने जारी की गाइडलाइन | पहले वनडे में न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, 115 रन पर 6 विकेट गिरे; भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन | श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार ब्लास्ट, ट्रेन उड़ाने की आशंका; 4 ट्रेनें रद्द | सीकर में चोरी और लापता होने की घटनाओं से मचा हड़कंप: 16 साल की नाबालिग लापता, घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी; 13 बकरियां और गाय भी ले गए चोर | राजस्थान के सभी स्कूलों में लगेंगे 'शुगर बोर्ड': बच्चों को चम्मच से समझाई जाएगी कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट और बिस्किट में चीनी की मात्रा | राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: दिन के तापमान में गिरावट, रात में कम हुई सर्दी; माउंट आबू सबसे ठंडा | अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा: रिहायशी इलाके के पास धमाके के साथ क्रैश हुआ बिजनेस जेट, 9 लोगों की मौत | जयपुर में 3 से 9 नवंबर तक स्लीपर बसों की एंट्री बंद, दिवाली पर ट्रैफिक पुलिस ने बदली व्यवस्था |