दीपोत्सव के तहत कंपनी बाग में आयोजित 11 हजार दीपकों के दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में भी केंद्रीय मंत्री और अभिनेता ने सहभागिता की। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और दीपावली का उत्सवी माहौल आकर्षण का केंद्र रहा।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस अवसर पर आमजन को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अलवर शहर की दीपावली को इस बार विशेष और आकर्षक बनाने के लिए लेजर एंड साउंड शो का आयोजन किया गया है। आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रकाश संयोजन के माध्यम से शहरवासियों को अलवर क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं गौरवशाली विरासत से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।
वहीं यूनाइटेड रोटरी क्लब की ओर से आयोजित भजन संध्या में भक्तिमय प्रस्तुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और अभिनेता रणदीप हुड्डा ने कंपनी बाग रोड पर जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए हाट बाजार का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बाजार में उपलब्ध उत्पादों की जानकारी ली और स्वयं खरीदारी भी की।
उन्होंने पथ विक्रेताओं से बातचीत कर बाजार की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का फीडबैक लिया। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने के साथ पथ विक्रेताओं को एक ही स्थान पर अपने उत्पाद बेचने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री ने जगन्नाथ जी महाराज एवं त्रिपोलिया महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद एमआईए के विभिन्न औद्योगिक संगठनों की ओर से कंपनी बाग में आयोजित 11 हजार दीपकों के दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होकर दीप जलाए।
इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन को जूट के थैलों का वितरण किया। साथ ही मिट्टी के दीपक बनाने वाले कारीगरों से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने और पारंपरिक हस्तशिल्प को प्रोत्साहित किया।
दीपोत्सव के इन आयोजनों में नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, केंद्रीय सहकारी बैंक एवं क्रय-विक्रय समिति के अध्यक्ष संजय नरूका, अशोक गुप्ता, महासिंह चौधरी, पूर्व सभापति अजय अग्रवाल, अरुण जैन, लक्ष्मीनारायण गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
अलवर में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.